इश्क़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इश्क़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, मई 10, 2019

ग़ज़ल .... त्रासदी है इश्क़ - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

       मेरी ग़ज़ल को web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 10 मई 2019 में स्थान मिला है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
http://yuvapravartak.com/?p=14569
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...

ग़ज़ल

त्रासदी है इश्क़
                     - डॉ. वर्षा सिंह

अजनबी शहर है, रात दिन है अजनबी।
चुभ रहा ख़्याल में वो पिन है अजनबी।

लग रही है रोशनी भी ख़ौफ़नाक सी 
अंधकार का सफ़र, कठिन है अजनबी।

जबकि ज़िन्दगी बिता दी इनके वास्ते,
रंग चाहतों का क्यों मलिन है अजनबी।

गूंथ कर गया वो मेरी चोटियों में जो,
आज  लग रहा वही रिबन है अजनबी।

दुख जिसे मिले हरेक मोड़ पर यहां,
सुख भरा हुआ हरेक छिन है अजनबी।

त्रासदी है इश्क़, "वर्षा" क्या कहें किसे
अजनबी वसुंधरा, गगन है अजनबी। 

              -------------------------

#ग़ज़लवर्षा

त्रासदी है इश्क़ - डॉ. वर्षा सिंह # ग़ज़ल यात्रा

रविवार, अक्टूबर 14, 2018

पंकज सुबीर की शायरी

Dr. Varsha Singh

यूं तो पंकज सुबीर कथा साहित्य के क्षेत्र में एक विशेष स्थान रखते हैं। ‘अकाल में सारस’ जैसी कथाकृति कथा साहित्य में एक मिसाल है। कहानी संग्रह ’महुआ घटवारिन और अन्‍य क‍हानियां’ के लिये पंकज सुबीर को वर्ष 2012 का ’कथा यूके अंतर्राष्‍ट्रीय इन्‍दू शर्मा कथा सम्‍मान’ से सम्मानित किया जा चुका है। किन्तु पंकज की शायरी भी उतनी ही उम्दा है।
गद्य और पद्य लेखन में बराबरी से दखल रखने वाले,‘अभी तुम इश्क में हो’ ग़ज़ल संग्रह के सृजनकर्ता पंकज सुबीर की शायरी उर्दू की रवायती शायरी है, जो गजलों को उनके  पारंपरिक अंदाज़ में बयां करती हैं। नाजुक और दिल को छूने वाली ग़ज़ल कहने में सिद्धहस्त शायर पंकज सुबीर के चंद अशआर मैं यहां प्रस्तुत कर रही हूं जो मुझे भी बेहद पसंद हैं… और जो मेरे इस ब्लॉग ग़ज़लयात्रा के पाठकों को भी पसंद आयेंगे-
बड़ी जानी हुई आवाज़ में किसने बुलाया है
कोई गुज़रे हुए वक्तों से शायद लौट आया है
हमारा नाम ही आया नहीं पूरे फ़साने में
कहानी को कुछ इस अंदाज से उसने सुनाया है
सुबीर के ग़ज़ल संग्रह की शीर्षक ग़ज़ल के ये शेर देखें-
अभी समझाएँ क्या तुमको, अभी तुम इश्क़ में हो
अभी तो बस दुआएँ लो, अभी तुम इश्क़ में हो
तुम्हारे हाथ में जलती रहे सिगरेट मुसलसल
कलेजे को जरा फूँको अभी तुम इश्क़ में हो
पंकज सुबीर

….. और सुबीर की इश्क़ में उपजी समस्याओं के प्रति यह बयानगी देखिये -
लगा लो दिल अगर तो दिल लगाना भी समस्या है
किस्से बन गए कितने जरा सा मुस्कुराने पर
तुम्हारे शहर में तो मुस्कुराना भी समस्या है
सुना है जुगनुओं से हो गया नाराज़ है सूरज
किसी का बहुत ज्यादा जगमगाना भी समस्या है
यूँ सारी रात बरसोगे तो प्यासा मर ही जाएगा
किसी प्यासे पे ज़्यादा बरस जाना भी समस्या है

सुबीर की शायरी संवेदनशील रूमानियत के धरातल पर मजबूती से ठहरी हुई शायरी है, एक उदाहरण देखें-
किसी का जुल्फ़ से पानी झटकना
इसी का नाम बारिश है महोदय
ये नज़रें आज फिर कुर्की करेंगी
बताओ किस पे नालिश है महोदय
मुझे सूली चढ़ा कर ख़त्म कर दो
मेरे सीने में आतिश है महोदय

सुबीर की शायरी दिल को छू लेने वाली शायरी है -
दरख्तों से गिरते हुए ज़र्द पत्ते
हवाओं में यूँ ही बिखरते रहेंगे
ये मौसम है मौसम,कहाँ ये रूके हैं
गुज़रते रहे हैं,गुज़रते रहेंगे
 
‘अभी तुम इश्क़ में हो’ के विमोचन के अवसर पर पंकज सुबीर

गुरुवार, जुलाई 19, 2018

इश्क़ .... डॉ.वर्षा सिंह


इश्क़ ज़मीं है इश्क़ समुंदर
इश्क़ से सारी दुनिया सुंदर
इश़्क गिराता दीवारों को
इश्क़ बसायें दिल के अंदर

          ❤ - डॉ. वर्षा सिंह

#ग़ज़लवर्षा