गुरुवार, नवंबर 29, 2018

ग़ज़ल ... अब नहीं होता मुझे ताज़्जुब - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

अब नहीं होता मुझे ताज्जुब किसी भी बात पर
चोट खाई सी सुबह या घाव जैसी रात पर

स्वप्न आयातित फफूंदों से जमे हैं आंख पर
और ख़्वाहिश हम रचें दुनिया समूची हाथ पर

खूंटियों पर “बुद्ध”,”लिंकन”, “वाल्टेयर” टांग कर
छेड़ते बहसें सदा हम आदमी की जात पर

चाह कर भी वे कहीं छुप-भाग पाते हैं नहीं
ज़िन्दगी रेखांकित होती है जिनके माथ पर

अधमरी सी चेतना के चिन्ह होते हैं लगे
भोथरे से फूल पर या जंग खाए पात पर

बुजबुजाती झाग वाली धूसरी धर्मांधता
थोकने की साजिशें होतीं सदा नवजात पर

क़ाग़ज़ों पर कीच, पेनों में उमसती स्याहियां
किस तरह “वर्षा” लिखें ग़ज़लें बुझी बरसात पर

         -डॉ. वर्षा सिंंह

सोमवार, नवंबर 26, 2018

ग़ज़ल ... जहां पे आज रेत है - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

जहां पे आज रेत है, वहीं पे थी नदी कभी
जले थे प्रेम के दिये, हुई  थी रोशनी कभी

कहा था शाम को मिलेगा, सीढ़ियों पे घाट की
वो शाम घाट पर मगर, मुझे नहीं मिली कभी

चला रहे  हैं आरियां, वो जंगलों  की  देह पर
कटे हैं पेड़ जिस जगह, वहीं थी ज़िन्दगी कभी

उदास है किसान, कर्ज  के तले, दबा  हुआ
दुखों की छांव है वहां, रही जहां ख़ुशी कभी

डरा हुआ  है बालपन, डरी हुई  जवानियां
निडर समाज फिर बने, रहे न बेबसी कभी

अनेकता  में  एकता  ही  हमारी  शक्ति है
देशभक्ति की डगर, अलग नहीं रही कभी

जहां पे ”वर्षा” हो रही है, गोलियों की इन दिनों
वहां पे  अम्नो-चैन  की, बजेगी  बांसुरी कभी

     - डॉ. वर्षा सिंह

रविवार, नवंबर 25, 2018

ग़ज़ल ... और कब तक अंधकूपी रात दिन - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

वर्जनाओं से बिखरते जा रहे
दर्पणी सपने दरकते जा रहे

जो अप्रस्तुत है उसी की चाह में
रिक्त सारे पंख झड़ते जा रहे

प्यार का मधुबन न उग पाया यहां
कसमसाते छंद ढलते जा रहे

कष्ट की काई जमीं हर शब्द पर
अर्थ के प्रतिबिंब मिटते जा रहे

चुक रहे संदर्भ रिश्तों के सभी
हम स्वयं से आज कटते जा रहे

लीक के अभ्यस्त पांवों के तले
मुक्ति के अनुबंध घिसते जा रहे

बन न पाया मन कभी निर्वात जल
हम हिलोरों में हुमगते जा रहे

और कब तक अंधकूपी रात दिन
पूछते पल-छिन गुज़रते जा रहे

जागरण “वर्षा’’ ज़रूरी हो गया
मूल्य जीवन के बदलते जा रहे

शनिवार, नवंबर 24, 2018

ग़ज़ल .... चांद - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh


रात के माथे टीका चांद
खीर सरीखा मीठा चांद

हंसी चांदनी धरती पर
आसमान में चहका चांद

महकी बगिया यादों की
लगता महका महका चांद

उजली चिट्ठी  चांदी- सी
नाम प्यार के लिखता चांद

"वर्षा" मांगे दुआ यही
मिले सभी को अपना चांद

 - डॉ. वर्षा सिंह

गुरुवार, नवंबर 22, 2018

ग़ज़ल ... सर्वनाम रह गये गुमी हैं संज्ञाएं - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

सर्वनाम रह गये, गुमी हैं संज्ञाएं
शब्द बिंब ही अर्थों को अब बहकाएं

संदर्भों ने बांध दिया संबंधों को
निर्धारित कर दी हैं सब की सीमाएं

शेष नहीं वे क्षण जो जोड़ें तन मन को
भीगे उजियालों से माथा सहलाएं

तटस्थता का राग उन्हीं ने छेड़ा है
आदत जिनकी उलझें, सबको उलझाएं

कालजयी होने का जिनको दंभ यहां
अक्सर छूटीं उनके हाथों वल्गाएं

समझौते की चर्चा झेल न पाई हैंं
निर्णय पर कायम रहने की विपदाएं

अंतरिक्ष में नीड़ भला कब बन पाए
आश्रय देती हैं भू पर ही शाखाएं

अवसरवादी सुविधा भोगी सांसों को
सहनी ही पड़ती हैं ढेरों कुंठाएं

व्यथा विरत कवि नहीं कभी भी हो पाये
“ मां निषाद” वाल्मीकि रचेंगे रचनाएं

कहते हैं आशाओं का आकाश वृहद
चुटकी भर मैंने भी भर ली आशाएं

पूरी की पूरी तस्वीर उकेरेंगी
भले अधूरी “वर्षा” की हैं रेखाएं




सोमवार, नवंबर 19, 2018

ग़ज़ल .... लड़ रहा अपनी हदों से आदमी - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

लड़ रहा अपनी हदों से हो गया है अधमरा
आदमी अंधी गली में ढूंढता है आसरा


आजकल खामोश ‘मोचीराम’ ‘धूमिल’ का हुआ
बोलता था तांत की तनकार में हरदम खरा


इक अजब सी तिक्तता घुलने लगी है स्वाद में
जीभ तालू से चिपकती होंठ जाते थरथरा


‘सहजपुर’ देहात से ‘सागर’ शहर ना आ सका
‘रामधन’ के सामने है भार कर्ज़े का धरा


एक ढिबरी रोशनी ही ग्लोब है जिसके लिए
वह सियासत का समझ पाता नहीं है माज़रा


तोड़कर नाता बिवाई से ग़ज़ल का इन दिनों
लिख रही है ज़िन्दगी दीवान भटकावों भरा


‘बेतवा’ में बाढ़ लेकिन ‘ओरछा’ सूखा पड़ा
विवश ‘वर्षा’,क्या करें मौसम बदलता पैंतरा



शुक्रवार, नवंबर 16, 2018

चंद्रसेन विराट को चिरविदा

Dr. Varsha Singh
सुप्रसिद्ध ग़ज़लकार चंद्रसेन विराट नहीं रहे, उन्हें भावपूरित श्रद्धांजलि 🙏

      विराट जी का मूल नाम चंद्रसेन डोके था,  जिन्हें विराट उपनाम से समूचा काव्य जगत जानता है। वे विराट के उपनाम से ही प्रतिष्ठित कवि सम्मेलनों में सस्वर पाठ किया करते थे। 
चंद्रसेन विराट
     दूरदर्शन और आकाशवाणी द्वारा आयोजित अनेक कविगोष्ठियों में विराट जी के साथ काव्यपाठ का मुझे अवसर मिला है। बहुत ही सहज, सरल स्वभाव के व्यक्ति थे वे। मेरी ग़ज़लों के प्रति सदैव उन्होंने सकारात्मक टिप्पणी दी थी। बहन डॉ. (सुश्री) शरद सिंह से साहित्यिक आयोजनों में जब भी विराट जी मिलते तो "शरद, आप कैसी हैं ? " प्रश्न के पश्चात उनका दूसरा प्रश्न यही होता कि "...और वर्षा जी कैसी हैं ?"
विराट जी की यही आत्मीयता आज उनकी चिरविदा की बेला को बोझिल बनाते हुए हमें शोकग्रस्त कर रही है।
चंद्रसेन विराट डॉ. (सुश्री) शरद सिंह के साथ


श्रीमती मिश्रा, विवेकरंजन श्रीवास्तव, चंद्रसेन विराट एवं डॉ. (सुश्री) शरद सिंह 

याद आ रही है उनकी यह ग़ज़ल - 


याद आयी, तबीयत विकल हो गई.
आँख बैठे बिठाये सजल हो गई.


भावना ठुक न मानी, मनाया बहुत

बुद्धि थी तो चतुर पर विफल हो गई.


अश्रु तेजाब बनकर गिरे वक्ष पर.

एक चट्टान थी वह तरल हो गई.


रूप की धूप से दृष्टि ऐसी धुली.

वह सदा को समुज्ज्वल विमल हो गई.


आपकी गौरवर्णा वदन-दीप्ति से

चाँदनी साँवली थी, धवल हो गई.


मिल गये आज तुम तो यही जिंदगी

थी समस्या कठिन पर सरल हो गई.


खूब मिलता कभी था सही आदमी

मूर्ति अब वह मनुज की विरल हो गई.


सत्य-शिव और सौंदर्य के स्पर्श से

हर कला मूल्य का योगफल हो गई. 


रात अंगार की सेज सोना पड़ा

यह न समझें कि यों ही गज़ल हो गई.


 दुष्यन्त कुमार के बाद हिन्दी ग़ज़लों को जिन ग़ज़लकारों ने  अपनी मौलिकता को सममिश्रित कर नई ऊंचाइयां दीं, एक नयी  ज़मीन प्रदान की, उनमें चन्द्रसेन विराट  का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है। चन्द्रसेन विराट ने हिन्दी ग़ज़ल को मुक्तिका की स्वतन्त्र संज्ञा दी और मुक्तिका के माध्यम से हिन्दी भाषा के तत्सम तथा गैरप्रचलित शब्दों का प्रयोग कर कथ्य और शैली के नये प्रयोगों को ग़ज़ल में ढाल कर प्रस्तुत किया। ग़ज़ल को मुक्तिका कहने का आग्रह करते हुए उनकी लिखी यह छोटी बहर की ग़ज़ल देखिये -



मुक्तिकाएँ लिखें
दर्द गायें लिखें।।


हम लिखें धूप भी 

हम घटाएँ लिखें।।


हास की अश्रु की

सब छटाएँ लिखें।।


बुद्धि की छाँव में 

भावनाएँ लिखें।।


सत्य के स्वप्न सी 

कल्पनाएँ लिखें।।


आदमी की बड़ी 

लघुकथाएँ लिखें।।


सूचनाएँ नहीं

सर्जनाएँ लिखें।।


भव्य भवितव्य की

भूमिकाएँ लिखें।।


पीढ़ियों के लिए

प्रार्थनाएँ लिखें।।


केंद्र में रख मनुज

मुक्तिकाएँ लिखें।।

अली हसन के साथ चंद्रसेन विराट

      पेशे से उच्च पदासीन अभियंता होने के बावजूद चंद्रसेन विराट ने आम आदमी के समकालीन जीवन को पैनी दृष्टि से देखा। 
 उनका जन्म 3 दिसम्बर 1936 को इन्दौर मध्यप्रदेश में हुआ था ।  आजीविका की दृष्टि से उन्होंने अभियान्त्रिकी को अपनाया था किन्तु बाल्यावस्था से ही काव्य-कर्म के प्रति उनकी गहरी रुचि बनी रही।
उनकी यह ग़ज़ल हमेशा याद की जायेगी- 


जिसकी ऊंची उड़ान होती है।
उसको भारी थकान होती है।


बोलता कम जो देखता ज़्यादा,

आंख उसकी जुबान होती है।


बस हथेली ही हमारी हमको,

धूप में सायबान होती है।


एक बहरे को एक गूंगा दे,

ज़िंदगी वो बयान होती है।


ख़ास पहचान किसी चेहरे की,

चोट वाला निशान होती है।


तीर जाता है दूर तक उसका,

कान तक जो कमान होती है।


जो घनानंद हुआ करता है,

उसकी कोई सुजान होती है।


बाप होता है बहुत बेचारा,

जिसकी बेटी जवान होती है।


खुशबू देती है, एक शायर की,

ज़िंदगी धूपदान होती है।

         विराट जी ने गज़लों के साथ ही नवगीत और दोहे भी लिखे। उन्होंने हिन्दी कवि के रूप में हिन्दी साहित्य में अपनी ऐसी विशिष्ट जगह बना ली है कि उन्हें कभी विस्मृत नहीं किया जा सकेगा।  
स्मृतिशेष  कवि चंद्रसेन विराट


         मैं आज उन्हीं के मुक्तक से उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हूं-  
इसी मिट्टी में मिलूं राम करे,
फूल बन-बनके खिलूं राम करे, 
स्वर्ग का दो न मुझे लालच तुम, 
स्वर्ग मिल जाए, न लूं , राम करे।