युवाप्रवर्तक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
युवाप्रवर्तक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, मई 13, 2020

ग़ज़ल | प्रवासी श्रमिक | क्या दे पाएगा देहात | डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

      मेरी ग़ज़ल प्रवासी श्रमिकों के प्रति ... "क्या दे पाएगा देहात"...यह आज web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 13.05.2020 में प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=32540

*ग़ज़ल* संदर्भ : प्रवासी श्रमिक

क्या दे पाएगा देहात
        -डॉ. वर्षा सिंह

पत्ता-पत्ता दिन मुरझाया, फूल-फूल मुरझायी रात।
चर्चाओं के दौर चले पर, रही अधूरी उसकी बात।

"मैं" और "हम" के बीच फ़ासला, शर्तों से कब मिट पाया,
प्यार कहां तब शेष रहा जब, जीत-हार की बिछी बिसात।

ऊंचे पद पा लिए सिफ़ारिश, रिश्तेदारी के चलते,
टिकी रही निचली सतहों पर किन्तु विचारों की औक़ात।

कड़वे सच के कौर घुटक कर जैसे-तैसे आए हैं,
शहरों से खाली लौटों को, क्या दे पाएगा देहात।

अक्सर कोई भीगा बाहर, कोई भीतर से भीगा,
"वर्षा" में सब भीगे लेकिन, एक न हो पाई बरसात।
      ---------- --



#ghazal_varsha #ग़ज़लवर्षा #युवाप्रवर्तक #प्रवासीश्रमिक #migrantlabour

गुरुवार, अप्रैल 09, 2020

लॉकडाउन संदर्भित बुंदेली ग़ज़ल .... इते घर बैठो भैया ! - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

    वर्तमान में 24 मार्च की रात 12 बजे से शुरू होकर  21 दिन यानी 14 अप्रैल तक लागू लॉकडाउन का आज 16 वां दिन है। ... और प्रस्तुत है  लॉकडाउन संदर्भित मेरी ताज़ा बुंदेली ग़ज़ल.....

इते घर बैठो भैया !
             - डॉ. वर्षा सिंह

चलो, इते घर बैठो भैया ! काए बाहरे जाने।
हत्यारो, पापी कोरोना, सबई जनन के लाने।

जा ने समझो, नजदीकी के बिना ने चलहे दुनिया,
दूरी हमको रख के भैय्या, रिस्ते सबई निभाने।

इते देस में तालाबंदी, उते फिरत सब छुट्टा,
पैले भीड़ लगा लई भैय्या, अब काए पछताने।

कटरा, सिविल लेन, परकोटा, शनिचरी ने जइयो,
है पूरो संसार घरई में, चैन इतई मिल जाने।

फल- सब्जी सब धो-धो धरियो, दूर संक्रमण रखियो,
धो-धो हाथ साफ करबे की, कसम सबई खों खाने।

का-कैसो है, को का कर रओ, का करने है ईसे,
पी.एम., सी.एम. सोस- फिकर में, तुम काए भैराने।

शासन और प्रशासन सबरे भला चाह रए सबको,
'डिस्टेंसिंग' समझा के  "वर्षा" होंठई लगे पिराने।
            ------------------
        मेरी यह ग़ज़ल आज web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 09.04.2020 में  प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=28587



#बुंदेली #ग़ज़लवर्षा #लॉकडाउन #कोरोना
#युवाप्रवर्तक

शनिवार, अप्रैल 04, 2020

लॉकडाउन के समय में किताबों के महत्व को रेखांकित करती ग़ज़ल - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

       लॉकडाउन के सोशल डिस्टेंसिंग वाले  इस दौर में किताबों की महत्व बढ़ गया है। किताबों की महत्ता के प्रति समर्पित मेरी यह ग़ज़ल प्रस्तुत है....


लगती भले हों पहेली किताबें  ।
बनती हैं हरदम सहेली किताबें।

भले हों पुरानी कितनी भी लेकिन
रहती हमेशा नवेली किताबें।

देती हैं भाषा की झप्पी निराली
अंग्रेजी, हिन्दी, बुंदेली किताबें।

चाहे ये दुनिया अगर रूठ जाये
नहीं रूठती इक अकेली किताबें।

शब्दों की ख़ुशबू से तर-ब-तर सी
महकाती "वर्षा", हथेली किताबें।

       📚 - डॉ. वर्षा सिंह

web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 04.04.2020 में मेरी यह ग़ज़ल "किताबें" प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=27973



#ग़ज़लवर्षा
#किताबें
#युवाप्रवर्तक

रविवार, मार्च 15, 2020

ग़ज़ल ... अगले पल का पता नहीं - डॉ. वर्षा सिंह


Dr. Varsha Singh

ग़ज़ल
        - डॉ. वर्षा सिंह

अगले पल का पता नहीं फिर लफड़ा क्यों ?
सबसे ख़ुद को साबित करना तगड़ा क्यों ?

गली, मुहल्ला, शहर सभी हैं एक अगर
हम दोनों के बीच आपसी झगड़ा क्यों ?

माना टकराहट है कहीं विचारों में
तो भी आखिर मार-कुटौव्वल पचड़ा क्यों ?

अच्छे कपड़ों में सज कर कब सोचा है !
पत्थर तोड़ रही वह पहने चिथड़ा क्यों ?

मुस्काते चेहरों वाली इस महफ़िल में
पता नहीं "वर्षा" ने रोया दुखड़ा क्यों ?

              --------///--------

      मेरी ग़ज़ल को web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 28 फरवरी 2020 में स्थान मिला है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=25509

#ग़ज़लवर्षा
#ghazal_varsha
#युवाप्रवर्तक


गुरुवार, दिसंबर 26, 2019

ग़ज़ल ... मर्ज़ी क्या -डॉ. वर्षा सिंह


Dr. Varsha Singh
समझौता मेरे ही ज़िम्मे, नहीं तुम्हारा कुछ भी क्या
माफ़ी मैं ही मांगूं आख़िर मेरी ऐसी ग़लती क्या

हुईं क़िताबें कम तो भारी सूचनाओं का बोझ बढ़ा
सारा बचपन हवा हो गया, बच्चे भूले मस्ती क्या

यादों का संसार तिलस्मी, यादों के साये लम्बे
यादें तो यादें होती हैं मीठी क्या और खट्टी क्या

माना जीवन भर की खुशियां नहीं तुम्हारे वश में हैं
लेकिन मिलने पर भी आख़िर दोगे न इक झप्पी क्या

एक से बढ़ कर एक तमाशा किया सियासतदानों ने
रहे सलामत कुर्सी चाहे रिश्तों की हो कुर्की क्या

मनमानी कर तुमने अपने नियम-क़ायदे गढ़ डाले
एक दफ़ा तो पूछा होता "वर्षा" तेरी मर्ज़ी क्या
-------------

मेरी ग़ज़ल को web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 27 दिसम्बर 2019 में स्थान मिला है। युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏 मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ... http://yuvapravartak.com/?p=23459