लॉकडाउन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लॉकडाउन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, मई 14, 2020

🤔 घर वापसी करते प्रवासी श्रमिकों की व्यथा-कथा को समर्पित | ग़ज़ल | दर -दर की ठोकर लिक्खी है | डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

घर वापसी करते प्रवासी श्रमिकों की व्यथा-कथा को समर्पित एक ग़ज़ल

दर -दर की ठोकर लिक्खी है
           - डॉ. वर्षा सिंह

कांधे पर है बोझ गृहस्थी का पांवों में छाले हैं।
दर -दर की ठोकर लिक्खी है, खोटी क़िस्मत वाले हैं।

गांव, गली, घर छोड़ा था सब, पैसे चार कमाने को,
अब जाना ये महानगर भी दिल के कितने काले हैं।

भूख-प्यास से बढ़ कर भैया, नहीं बिमारी कोई है,
क़दम-क़दम भुखमरी-ग़रीबी, यहां सैकड़ों ताले हैं।

अम्मा, बाबू, चंदा, बुधिया, गुड्डू, मुन्नी, रामकली
एक मजूरी के बलबूते कितने प्राणी पाले हैं।

दर्ज़ रहेंगे तारीखों में "वर्षा" मुश्किल वाले दिन,
अगर न टूटी सांस कहेंगे- 'दुर्दिन देखे-भाले हैं।'

      ----------------


आज web magazine युवाप्रवर्तक दि. 14.05.2020 में मेरी यह ग़ज़ल "दर -दर की ठोकर लिक्खी है" प्रकाशित हुई है...
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏



मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=32685

गुरुवार, अप्रैल 09, 2020

लॉकडाउन संदर्भित बुंदेली ग़ज़ल .... इते घर बैठो भैया ! - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

    वर्तमान में 24 मार्च की रात 12 बजे से शुरू होकर  21 दिन यानी 14 अप्रैल तक लागू लॉकडाउन का आज 16 वां दिन है। ... और प्रस्तुत है  लॉकडाउन संदर्भित मेरी ताज़ा बुंदेली ग़ज़ल.....

इते घर बैठो भैया !
             - डॉ. वर्षा सिंह

चलो, इते घर बैठो भैया ! काए बाहरे जाने।
हत्यारो, पापी कोरोना, सबई जनन के लाने।

जा ने समझो, नजदीकी के बिना ने चलहे दुनिया,
दूरी हमको रख के भैय्या, रिस्ते सबई निभाने।

इते देस में तालाबंदी, उते फिरत सब छुट्टा,
पैले भीड़ लगा लई भैय्या, अब काए पछताने।

कटरा, सिविल लेन, परकोटा, शनिचरी ने जइयो,
है पूरो संसार घरई में, चैन इतई मिल जाने।

फल- सब्जी सब धो-धो धरियो, दूर संक्रमण रखियो,
धो-धो हाथ साफ करबे की, कसम सबई खों खाने।

का-कैसो है, को का कर रओ, का करने है ईसे,
पी.एम., सी.एम. सोस- फिकर में, तुम काए भैराने।

शासन और प्रशासन सबरे भला चाह रए सबको,
'डिस्टेंसिंग' समझा के  "वर्षा" होंठई लगे पिराने।
            ------------------
        मेरी यह ग़ज़ल आज web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 09.04.2020 में  प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=28587



#बुंदेली #ग़ज़लवर्षा #लॉकडाउन #कोरोना
#युवाप्रवर्तक

मंगलवार, अप्रैल 07, 2020

लॉकडाउन संदर्भित ग़ज़ल..... तालाबंदी के आलम में - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

     प्रस्तुत है लॉकडाउन संदर्भित मेरी ताज़ा ग़ज़ल ....

लॉकडाउन संदर्भित ग़ज़ल

तालाबंदी के आलम में
         - डॉ. वर्षा सिंह

कट जाएंगे बेशक ये भी, बेहद मुश्किल वाले दिन।
तालाबंदी के आलम में, लगते भोले-भाले दिन।

ग़ैरज़रूरी आपाधापी, कहीं दुबक कर बैठ गई,
लम्हा-लम्हा कछुए जैसे सरके ढीले-ढाले दिन।

बस्ते एक तरफ रख्खे हैं, ऑनस्क्रीन पढ़ाई है,
कुछ भी कह लो लेकिन ये हैं बच्चों के रखवाले दिन।

वक़्त सुरक्षित दूरी का है, नज़दीकी से ख़तरा है,
दिल को रखना साफ़ हमेशा, ढल जाएंगे काले दिन।

सावधान रहना ही होगा जगज़ाहिर इस आफ़त से,
बन जाएं नासूर कहीं ना बढ़ते-बढ़ते छाले दिन।

यदाकदा घटना घट जाती, नियमों के उल्लंघन की
इंसानी फ़ितरत के आगे मुज़रिम बैठे-ठाले दिन।

ये भी तय है कठिन दौर कुछ सीख नई दे जाता है
भूल न पायेंगे जीवन भर, सुआ सरीखे पाले दिन।

फ़ुर्सत के लम्हात ये सोचो, बाद मिले हैं बचपन के,
याद आते हैं सोते-जगते "वर्षा" देखे-भाले दिन।
---------------------

 मेरी यह ग़ज़ल आज web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 07.04.2020 में  प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=28349



#ग़ज़लवर्षा #युवाप्रवर्तक
#लॉकडाउन #कोरोना #दिन


शनिवार, अप्रैल 04, 2020

लॉकडाउन के समय में किताबों के महत्व को रेखांकित करती ग़ज़ल - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

       लॉकडाउन के सोशल डिस्टेंसिंग वाले  इस दौर में किताबों की महत्व बढ़ गया है। किताबों की महत्ता के प्रति समर्पित मेरी यह ग़ज़ल प्रस्तुत है....


लगती भले हों पहेली किताबें  ।
बनती हैं हरदम सहेली किताबें।

भले हों पुरानी कितनी भी लेकिन
रहती हमेशा नवेली किताबें।

देती हैं भाषा की झप्पी निराली
अंग्रेजी, हिन्दी, बुंदेली किताबें।

चाहे ये दुनिया अगर रूठ जाये
नहीं रूठती इक अकेली किताबें।

शब्दों की ख़ुशबू से तर-ब-तर सी
महकाती "वर्षा", हथेली किताबें।

       📚 - डॉ. वर्षा सिंह

web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 04.04.2020 में मेरी यह ग़ज़ल "किताबें" प्रकाशित हुई है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=27973



#ग़ज़लवर्षा
#किताबें
#युवाप्रवर्तक

सोमवार, मार्च 30, 2020

एक ग़ज़ल कोरोना संकट पर.....कोरोना घातक है, समझो ! -डॉ. वर्षा सिंह


Dr. Varsha Singh

         .कोरोनावायरस और सम्पूर्ण भारत में 21 दिन का लॉकडाउन ... तरह -तरह के समाचार, तरह- तरह के विचार आप लगातार पढ़- सुन रहे हैं... तो पढ़िए मेरी भी यह ताज़ा ग़ज़ल ......

एक ग़ज़ल कोरोना संकट पर

कोरोना घातक है, समझो !
      -डॉ. वर्षा सिंह

दे सकता है हमें सुरक्षा, दरवाज़े का इक ताला।
घर पर रहने पर टूटेगी, कोरोना की ये माला।

चाइनीज़ हो या हो स्पेनिश, फ़र्क भला क्या पड़ता है,
कोरोना घातक है, समझो! ये छोड़ो किसने पाला।

सीख अगर देता है कोई, तो क्या स्वयं निभाता है ?
सही मायने में वह ज्ञानी, जिसने कर्मों में ढाला ।

सख़्ती बरत रहे हैं जो मत उन पर अब लानत भेजो,
उनकी कर्मठता से बेशक, संकट जा सकता टाला।

"वर्षा" वे जन पूजनीय हैं जो परहित के लिए जिए,
शिव ने गले लगाया हंस कर विष से भरा हुआ प्याला ।
---------------------------

        मेरी इस ताज़ा ग़ज़ल को web magazine युवा प्रवर्तक के अंक दिनांक 30 मार्च 2020 में स्थान मिला है।
युवा प्रवर्तक के प्रति हार्दिक आभार 🙏
मित्रों, यदि आप चाहें तो पत्रिका में इसे इस Link पर भी पढ़ सकते हैं ...
http://yuvapravartak.com/?p=27511